डिग्री कॉलेज चौराहा स्थित एकल मार्ग। संवाद
रायबरेली। देश के गृहमंत्री अमित शाह के जनसभा कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जनसभा के दिन 12 मई को शहर के अंदर भारी वाहनों की नो इंट्री रहेगी। उन्नाव, सुल्तानपुर, फतेहपुर समेत अन्य जिलों से आने वाले भारी वाहनों के रूट डायवर्जन के लिए ट्रैफिक पुलिस तैयारी कर रही है। पुलिस का मानना है कि ऐसा होने से शहर में जाम की समस्या नहीं होगी और आवागमन बेहतर तरीके से चलेगा। जनसभा में कार्यकर्ताओं को पहुंचने में दिक्कत भी नहीं होगी।
12 मई को गृहमंत्री अमित शाह राजकीय इंटर कॉलेज में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जहां सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं, वहीं ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की तैयारी भी चल रही है।
गृहमंत्री के दौरे के चलते जिले और शहर में जाम की समस्या न होने पाए, इसका पहले से ही ट्रैफिक पुलिस ख्याल रख रही है। यही वजह है कि रूट डायवर्जन का खाका पुलिस तैयार कर रही है। शनिवार को वाहनों के रूट डायवर्जन की व्यवस्था पूरी तरह कर ली जाएगी।
इस तरह तैयार किया जा रहा रूट डायवर्जन
कानपुर व उन्नाव से लालगंज होते हुए शहर आने वाले भारी वाहनों को लालगंज से गुरुबख्शगंज होते हुए गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। सुल्तानपुर से आने वाले भारी वाहनों को जनसभा कार्यक्रम के दौरान शारदा नहर के पास रोक दिया जाएगा। अयोध्या की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को अमावां बाजार में जनसभा कार्यक्रम तक रोक दिया जाएगा। शहर में बरगद चौराहा से नेहरू रेलवे क्रॉसिंग से होकर भारी वाहन शहर के अंदर नहीं घुसने दिए जाएंगे।
नहीं पैदा होगी जाम की समस्या
गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित जनसभा कार्यक्रम को देखते हुए भारी वाहनों को शहर के अंदर नहीं आने दिया जाएगा। वाहनों का रूट डायवर्जन तैयार कराया जा रहा है। ऐसा होने से जाम की समस्या नहीं होने पाएगी।
-अजय सिंह तोमर, यातायात प्रभारी