लंबे अरसे से अटकी मेट्रो रेल परियोजना को रफ्तार मिलने जा रही है। मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण का काम जल्द शुरू होगा । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ मेट्रो के दूसरे चरण में चारबाग रेलवे स्टेशन से चौक होते हुए बसंतकुंज तक मेट्रो सेवा के विस्तार को हरी झंडे देते हुए शीघ्र डीपीआर तैयार करके शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं । पहले चरण के मेट्रो रूट को भी आईएमएम और पीजीआई तक विस्तार देने को कहा है। उन्होंने कहा कि मेट्रो के विस्तार में निजी क्षेत्र भी सहयोग करने की इच्छुक हैं। इसलिए जरूरत के मुताबिक उनकी भी मदद ली जा सकती है। मुख्यमंत्री ने कानपुर और आगरा की मेट्रो परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री मंगलवार को लखनऊ, कानपुर और आगरा की मेट्रो परियोजनाओं के प्रगति की समीक्षा कर रहे थे । उन्होंने कहा कि लखनऊ मेट्रो के विस्तार से शहर की बड़ी आबादी को राहत मिलेगी। इसलिए चारबाग-बसंतकुंज तक मेट्रो सुविधा मुहैया कराने के लिए नए चरण का डीपीआर तैयार करके उसे शासन को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने मेट्रो रेल रूट के भूमिगत और एलिवेटेड रूट की रूट का डीपीआर तैयार करने में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के भी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रो विस्तार के लिए निजी क्षेत्र का लें सहयोग लिया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में लखनऊ में संचालित हो रही मेट्रो को एक ओर आईआईएम तक और दूसरी ओर एसजीपीजीआई तक विस्तार दिया जाना चाहिए। निजी क्षेत्र की अनेक कंपनियां इसके लिए सहयोग देने को इच्छुक हैं। ऐसे में पीपीपी मोड पर मेट्रो सेवा के विस्तारीकरण का प्रस्ताव तैयार करें। उन्होंने मेट्रो रेल परिसरों में व्यावसायिक गतिविधियों को और प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए। पैसेंजर सर्विस और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। कानपुर और आगरा में दोनों चरण के मेट्रो परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए धन की कोई कमी नहीं है, इसलिए धनराशि को समय से जारी करते हुए परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करें। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने गौतमबुद्ध नगर व 17 नगर निगमों में इलेक्ट्रिक बसों और ई-रिक्शा के संचालन को बढ़ावा देने के भी निर्देश दिए हैं
कैबिनेट से दिलाई जाएगी मेट्रो विस्तार को मंजूरी
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद आवास विभाग और उप्र मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपी एमआरसी) के स्तर पर चारबाग-बसंतकुंज तक बनने वाले मेट्रो के दूसरे चरण के लिए डीपीआर को मंजूरी दिलाने की कवायद में जुट गए हैं। अपर मुख्य सचिव आवास नितिन रमेश गोकर्ण का कहना है कि दूसरे चरण का डीपीआर तैयार है, जिसे जल्द ही कैबिनेट से मंजूरी दिलाई जाएगी। जबकि आईआईएम और पीजीआई तक मेट्रो के विस्तार के लिए डीपीआर तैयार करने के लिए यूपीएमआरसी को निर्देश दे दिए गए हैं। जल्द ही डीपीआर तैयार कर लिया जाएगा।