संवाद न्यूज एजेंसी
ऊंचाहार (रायबरेली)। क्षेत्र में सवैया तिराहा व ऊंचाहार उपकेंद्र से जुड़े गांवों की बिजली आपूर्ति नहीं सुधर रही है। आए दिन फाॅल्ट से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। नगर सहित गांवों को महज आठ घंटे ही बिजली मिल रही है। रविवार को क्षेत्र के सवैया तिराहा व ऊंचाहार उपकेंद्र की 33 केवीए लाइनें ब्रेक डाउन रही। इससे दो लाख की आबादी को कई घंटे तक बिजली संकट से जूझना पड़ रहा है।
रविवार को रग्घूपुर ट्रांसमिशन से नगर के बिजली उपकेंद्र आई 33 केवीए विद्युत लाइन में रग्घूपुर के पास तीन इंसुलेटर पंचर हो गए। इससे उपकेंद्र के अरखा, कंदरावां धौरहरा व भीलमपुर फीडर के लगभग 200 गांवों की बिजली गुल हो गई। 10 घंटे तक लोग बिजली के लिए परेशान रहे, जबकि अमावां ट्रांसमिशन में खराबी आने से सवैया तिराहा उपकेंद्र की आपूर्ति बाधित रही।
इसके चलते नगर सहित 50 गांवों की लगभग 9 घंटे आपूर्ति ठप रही। शाम को मरम्मत के बाद आपूर्ति शुरू की गई है। क्षेत्र के हीरालाल गुप्ता, कमलेश सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, राकेश मौर्य, अतीश कुमार, नंदू जायसवाल, शानू सिद्दीकी, मो. इसहाक ने बताया कि बिजली आपूर्ति बदहाल है। दो महीने से महज छह-आठ घंटे ही बिजली मिल रही है। आए दिन खराबी अब लोगों पर भारी पड़ रही है। अधिशासी अभियंता धीरेंद्र सिंह ने बताया कि 33 केवीए लाइन खराब होने के चलते आपूर्ति बंद थी। मरम्मत के बाद शुरू की गई है। संवाद