नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक करते मंत्री एके शर्मा।
लखनऊ। नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर बुधवार को नगर निगम अफसरों और महापौर के साथ विशेष बैठक की। इसमें शहर को स्वच्छता में नंबर वन बनाने पर चर्चा हुई और उन कमियों को दूर करने पर जोर दिया गया, जिन्हें दूर कर नंबर वन बना जा सकता है। मंत्री ने यह सख्त निर्देश भी दिए कि शहर में कहीं भी कूड़े के ढेर नहीं दिखने चाहिए।
मंत्री ने कहा कि यह समीक्षा की जाए कि किन प्रयासों और कार्यों के कारण लखनऊ स्वच्छता सर्वेक्षण में तीसरे स्थान तक पहुंचा और किन कमियों के कारण शहर प्रथम स्थान प्राप्त नहीं कर सका। उन्होंने स्कूलों में कायाकल्प कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। शिकायत निस्तारण प्रणाली में नागरिक प्रतिक्रिया को बेहतर बनाने पर जोर दिया। सीवेज समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए भी कहा। अस्पतालों और बड़े होटलों के बाहर जमा होने वाले कूड़े को तत्काल हटवाने के निर्देश भी दिए।
जनभागीदारी और निगरानी पर जोर
मंत्री ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। सभी पार्षद अपने-अपने क्षेत्रों में मोहल्ला सभाओं एवं समितियों के माध्यम से स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाएं। नगर निगम अधिकारी नियमित रूप से निगरानी करें।
व्यावसायिक क्षेत्रों में हो स्वच्छता की सामूहिक जिम्मेदारी
मंत्री ने व्यावसायिक क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापारियों को अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने के लिए प्रेरित करने को कहा। मंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि सभी मिलकर प्रयास करें तो लखनऊ को स्वच्छता सर्वेक्षण में देश में प्रथम स्थान दिलाया जा सकता है।