There may be 40 exam centers in Lucknow
लखनऊ में 40 केंद्रों पर हो सकती है सीबीएसई की परीक्षा, 37 हजार छात्र बैठेंगे परीक्षा में
लखनऊ। सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा राजधानी में 40 केंद्रों पर होगी। परीक्षा में करीब 37 हजार बैठेंगे। इनमें हाई स्कूल के करीब 19 हजार इंटर के करीब 18 हजार छात्र हैं। सीबीएसई की हाई स्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा चार मई से शुरू होगी। कोरोना के चलते पहली बार परीक्षाएं मई में शुरू हो रही हैं।
क्षेत्रीय समन्वयक डॉ. जावेद आलम खान ने प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची भेज दी है। इस पर बोर्ड से अंतिम मुहर लगनी बाकी है। इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या में थोड़ा इजाफा किया गया है। परीक्षा केंद्रों के लिए ऐसे स्कूलों का ज्यादा चयन किया गया है, जिनके पास बड़े हॉल हों। इससे छात्रों के बीच सामाजिक दूरी बनी रहेगी। बोर्ड की तरफ से कोरोना को देखते हुए दिशा निर्देश जारी किए जा सकते हैं। फिलहाल कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए ही परीक्षा कराई जाएगी।
छात्रों की चेकिंग सबसे बड़ी चुनौती
परीक्षा के दौरान छात्रों की चेकिंग करना सबसे बड़ी चुनौती होगी। कोरोना को देखते हुए छात्रों की फिजिकल चेकिंग पर प्रतिबंध रहेगा। दूर से ही छात्रों पर नजर रखनी होगी। ऐसे में पर्ची के सहारे नकल करने की मंशा रखने वाले छात्रों की चेकिंग करना सबसे बड़ी चुनौती रहेगी।