सिरसिया के बग्गापुर के निकट कई स्थानों पर कटी नहर की पटरी ।
श्रावस्ती। किसान धान काटकर गेहूं की बोआई में जुटा है। ऐसे में कुछ किसान गेहूं की बोआई कर चुके हैं तो तमाम किसान खेत का पलेवा कर गेहूं बोने की तैयारी में हैं। इनकी उम्मीदों पर सिंचाई विभाग पानी फेर रहा है। अब जब किसानों को पानी की जरूरत है तो सूखी माइनर किसानों की परेशानी बढ़ा रही है। इसका कारण कहीं माइनर की हो रही सफाई तो कहीं क्षतिग्रस्त माइनर की मरम्मत हो रही है।
माइनर सफाई में हो रही मनमानी
तुलसीपुर। जमुनहा तहसील के अडराई गांव के पास मुख्य सरयू नहर खंड नानपारा से दो रजबहे निकले हैं। इनमें तुलसीपुर व ददौरा रजबहा शामिल है। ददौरा रजवाहा से दिकौली व डूबकला माइनर निकली है। मौजूदा समय डिकौली माइनर की सफाई कराई गई है। इसमें केवल खानापूर्ति की गई है जबकि दूबकला माइनर की सफाई चल रही है। इसमें मनरेगा श्रमिकों के स्थान पर जेसीबी लगाया गया है। जेसीबी चालक राम भजन ने बताया कि माइनर को दो मीटर मीटर दस सेंटीमीटर चौड़ा करने के लिए कहा गया है जबकि गहराई की माप नही बताई गई है।
हो मरम्मत तो छोड़ा जाए पानी
असिंचित सिरसिया क्षेत्र के कुछ क्षेत्रों में खेतों की सिंचाई के लिए रामपुर बंधा, रजिया ताल सहित अन्य बंधों में पानी एकत्र कर उसे माइनर में छोड़ा जाता है जिसके सहारे गब्बापुर, चैलाही, सोनबरसा आदि गांवों के खेतों को पानी मिलता है। यह माइनर जगह-जगह क्षतिग्रस्त है जिनकी मरम्मत न कराए जाने के कारण उसमें आने वाला पानी खेतों तक नहीं पहुंचता। एक तरफ जहां अनावश्यक खेतों में पानी भर जाता है, वहीं दूसरी तरफ जरूरत के वक्त किसान आसमान निहारने को विवश हैं।
दूबकला व दिकौली माइनर की सफाई कराई जा रही है। कुछ काम अधूरा है जिसे जल्द पूरा करा लिया जाएगा। रही बात सिरसिया क्षेत्र की तो वह हमारे क्षेत्र में नहीं आता है।
सर्वेश कुमार, अवर अभियंता