काकोरी के शाहपुर में सेंध लगाकर की गई चोरी।
लखनऊ। चोरों ने काकोरी में पंचायत सहायक के घर और चिनहट व तालकटोरा में दो मकानों से लाखों के जेवर और नकदी चोरी कर ली। पीड़ितों ने संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई है।
काकोरी के शाहपुर निवासी पंचायत सहायक पुष्पेंद्र पाल के अनुसार, रविवार रात चोर घर में दाखिल हुए और घर में बक्से उठाकर पड़ोसी के बंद मकान में ले गए। बक्सों के ताले तोड़कर चोर मां और दो बहनों के करीब 2.50 लाख के जेवर और 18 हजार रुपये चुरा ले गए। एसीपी काकोरी शकील अहमद का कहना है कि एफआईआर दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं।
चिनहट के कमता निवासी सैयद आफताब अब्बास के घर से 3.28 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 65 हजार रुपये चोरी हुए। वह 25 जुलाई को परिवार के साथ अमेठी के जायस स्थित गांव गए थे। अगले दिन लौटने पर उन्हें घटना की जानकारी मिली। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र के अनुसार, आरोपियों की तलाश की जा रही है।
तालकटोरा के राजाजीपुरम निवासी किशन सिंह भदौरिया के मकान से पांच हजार रुपये और पांच सोने की अंगूठियां चुराई गईं। घटना के समय किशन परिवार के साथ बाहर थे। इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के जरिये चोरों का पता लगाया जा रहा है।
काकोरी के शाहपुर में सेंध लगाकर की गई चोरी।