सरोजनीनगर। बंथरा बाजार के किराना कारोबारी संतोष कुमार गुप्ता के मकान से चोरों ने गहने व नकदी चोरी कर ली। आसपास के लोगों ने आहट सुनकर दो चोरों को दबोच लिया। लोगों ने उनकी धुनाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कारोबारी संतोष के मुताबिक सोमवार को वह परिवार सहित भतीजे के हल्दी-मेहंदी कार्यक्रम में गए थे। इस बीच दो चोर उनके मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने दो कमरों से पांच लाख रुपये, 300 ग्राम सोने और दो किलो चांदी के गहने चोरी किए। पड़ोसियों ने आहट सुनकर दो चोरों को पकड़ लिया और जमकर धुनाई की। रात करीब दो बजे संतोष घर लौटे तो ताले टूटे और सामान बिखरा मिला। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम कानपुर के ग्वालटोली मकबरा निवासी मोनिस अब्बास और मो. आसिफ बताया। उनके पास से 15000 रुपये और करीब 100 ग्राम चांदी के गहने बरामद हुए।
अन्य साथी भी वारदात में थे शामिल
आरोपियों ने बताया कि वारदात में उनके कुछ अन्य साथी भी शामिल थे। वे कुछ गहने और नकदी कार से लेकर भाग गए। सूचना पर पहुंची बंथरा पुलिस दोनों आरोपियों को थाने ले गई और उनका मेडिकल कराया। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल और स्कूटी भी बरामद की। इंस्पेक्टर राणा राजेश सिंह ने बताया कि संतोष की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।