नजीबाबाद व हरदोई के पेट्रोल पंपों पर तेल भराने वाली रोडवेज बसों में बड़े पैमाने पर खेल पकड़ा गया है। मामले का खुलासा होने पर परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक (एमडी) ने आरोपी पंप मालिकों के लाइसेंस निरस्त करने के लिए इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) को पत्र लिखा है।
दरअसल, एमडी संजय कुमार की ओर से डीजल चोरी रोकने के लिए की गई कार्रवाई में इन दोनों जिलों में डीजल चोरी का खुलासा हुआ। यहां पंप पर डीजल भराने वाली बसों की जांच कराई गई तो तेल का खेल पकड़ में आया। इसमें पंप के कर्मचारियों के अलावा रोडवेज के कर्मचारी और अधिकारी भी शामिल मिले।
इसके बाद जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए एमडी ने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को जेल भिजवा दिया जबकि कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया। इसी तरह हरदोई रीजन में पेट्रोल पंपों पर गड़बड़ी पकड़ी गई। इस मामले में एमडी संजय कुमार ने बताया कि निगम की तीन बड़ी समस्याओं में डीजल चोरी, अवैध पार्सल लोडिंग और बेटिकट यात्री शामिल हैं।
इनकी ब्योरा एकत्र कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को पेट्रोल पंप की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। वह सीसीटीवी के जरिए मोबाइल से निगरानी रखें और दस दिन का रिकॉर्ड भी रखें।