पीजीआई के दो नर्सिंग अफसरों के फ्लैट में चोरी
लखनऊ। पीजीआई में रविवार को नर्सिंग अफसर भूमिका सिंह और विवेक जोज के बंद फ्लैटों से 25 लाख के जेवर और नकदी समेत पांच लाख का सामान चोरी हो गया। पीजीआई पुलिस फ्लैटों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है।
भूमिका सिंह के मुताबिक रविवार दोपहर तीन बजे वह मां से मिलने प्रयागराज गई थीं। देर रात ढाई बजे लौटीं तो दरवाजे का इंटरलॉक टूटा मिला। कमरे का सामान बिखरा हुआ था। अलमारी खुली हुई थी। लॉकर में रखे 25 लाख के जेवर व कीमती सामान चोरी हो गया था। भूमिका ने पड़ोसी विवेक जोज के भाई ऑलविन को कॉल कर सीसीटीवी कैमरे खंगालने को कहा।
ऑलविन जब विवेक के घर पहुंचे तो देखा कि सीसीटीवी कैमरे की लीड निकली हुई थी। दूसरी चाबी से जब दोनों विवेक के फ्लैट में दाखिल हुए पता चला कि अलमारी से नकदी समेत पांच लाख का कीमती सामान गायब था। ऑलविन ने बताया कि भाई रविवार सुबह देहरादून पिता जोज समूल के पास क्रिसमस मनाने गए थे। इंस्पेक्टर पीजीआई रवि शंकर त्रिपाठी के मुताबिक तहरीर मिली है। जांच के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।