आदर्श नगर स्थित आईजी लखनऊ नवनीत सिकेरा के मकान के बाहर बने गैरिज में खड़ी कार व स्कूल वाहन के टायर और बैटरियां चोरी हो गईं।
इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आईजी के पिता मनोहर सिंह यादव ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नवनीत सिकेरा के पिता द्वारा दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि रविवार रात को किसी वक्त चोर उनके घर के बाहर बने गैरिज में प्रवेश कर गए।
चोर एक कार और मिनी बस के पांच टायर और तीन बैटरी खोलकर ले गए। सुबह वह जागे तब उन्हें घटना की जानकारी हो सकी। आसपास के लोग भी पहुंच गए।
थाना पुलिस को वारदात की जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। अधिकारियों को भी घटना से अवगत कराया गया। इसके बाद नगर में चोरों की तलाश में कई जगहों पर दबिश दी गईं।
कबाड़े वालों के यहां भी छापा मारा गया लेकिन सामान बरामद नहीं हो सका। लोगों में चर्चा है कि जब आईजी का घर सुरक्षित नहीं है तो फिर आम जनता का क्या होगा।