लखनऊ। मोहनलालगंज में अधिवक्ता के घर में घुसे बदमाशों ने बक्से तोड़कर नकदी व लाखों रुपये के जेवरात पार कर दिए। घर के पालतू कुत्ते ने सभी को जगाया तब जाकर अधिवक्ता के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने दो बदमाशों को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मोहनलालगंज के गौरा गांव निवासी अधिवक्ता धर्मेंद्र पाल सिंह के घर शनिवार रात पांच बदमाश छत के रास्ते घुस आए और कमरे मे रखी अलमारी को तोड़कर उसमें रखे लगभग चार लाख के जेवरात व नकदी उठा ले गए। घर में बदमाशों के घुसने पर घर के पालतू कुत्ते ने अधिवक्ता को पंजा मारकर जगाया और भौंकते हुए छत पर ले गया जहां पर बदमाशों को देखकर अधिवक्ता ने शोर मचाया। शोर सुनकर गांव वालों ने दो बदमाशो को दबोच लिया जबकि बाकी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस बदमाशों को थाने ले आई। पकडे़ गए बदमाशों ने अपना नाम देवेन्द्र उर्फ छोटकऊ व शिवकुमार बताया। पकडे़ गए बदमाशो के पास से नगदी, जेवरात व बाइक बरामद हुई है। इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे के मुताबिक, दोनों को जेल भेजकर बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। क
तहरीर बदलो, तब दर्ज होगा केस
अधिवक्ता ने बताया कि उसके यहां से जितने जेवरात बदमाश ले गए, वह सब तहरीर में लिखकर पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के लिए दिया लेकिन तहरीर देखते ही पुलिस भड़क गई और दूसरी तहरीर लिखने और इतने जेवरात का जिक्र न करने की बात कही। कहा कि तहरीर बदलो, तभी मुकदमा दर्ज होगा। अधिवक्ता का आरोप है कि पुलिस इस बात का भी दबाव बना रही थी कि तहरीर में लिखा जाए कि बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा है। इसके बाद वकीलों ने विरोध किया तब जाकर देर शाम पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
बदमाशों ने पुलिस के सामने दी धमकी
बदमाश जब थाने लाए गए तो बदमाशों ने अधिवक्ता समेत अन्य लोगों को धमकाना शुरू कर दिया। बदमाशों ने एलान किया कि छूटकर आने पर अधिवक्ता व उसके भांजे को ठिकाने लगा देंगे। बदमाशों की धमकी से अधिवक्ता का परिवार सहमा हुआ है। लोगों का आरोप है कि पुलिस गश्त नहीं करती है। वहीं अधिवक्ताओ ने पुलिस से मांग की है कि जब तक फरार बदमाश पकडे़ नहीं जाते तब तक अधिवक्ता के परिवार को सुरक्षा दी जाए।