फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमौसी एयरपोर्ट के कर्मचारियों व सीआईएसएफ जवानों पर चोरी का केस

विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट के अधिकारियों व कर्मचारियों और सीआईएसएफ जवानों के खिलाफ एक सैन्य अफसर की पत्नी ने सरोजनीनगर थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि फ्लाइट से डिब्रूगढ़ जाते समय एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान उनके 36 लाख रुपये के गहने चोरी हुए हैं।
विज्ञापन

कैंट इलाके में रहने वाली महिला के पति सैन्य अफसर हैं। वह डिब्रूगढ़ में तैनात हैं। महिला ने सरोजनीनगर थाने में तहरीर देकर बताया कि 30 नवंबर 2021 को वह अपनी बेटी संग इंडिगो की फ्लाइट से वाया दिल्ली पति के पास डिब्रूगढ़ गईं थीं। उनके बैग में करीब 36 लाख रुपये कीमत के गहने का बॉक्स रखा था। एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान सीआईएसएफ की महिला जवान ने बैग से गहने निकालने को कहा।
महिला के मुताबिक, उन्होंने ऐसे ही बैग चेक करने को कहा मगर महिला जवान नहीं मानी। फिर बैग से गहने निकालकर चेक करने के बाद महिला जवान ने गहने दूसरी ट्रे में रख दिए। तभी बोर्डिंग का अनाउंसमेंट होने पर महिला जल्दबाजी में जाकर विमान में बैठ गईं। फ्लाइट में बैग चेक करने पर पता चला कि गहने का बॉक्स नहीं हैं। महिला ने फ्लाइट के स्टाफ को तुरंत सूचना दी मगर तब तक विमान उड़ चुका था। इसके चलते उनसे दिल्ली एयरपोर्ट पर सूचना देने को कहा गया। महिला ने दिल्ली एयरपोर्ट और फिर डिब्रूगढ़ एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ को इसकी सूचना दी। साथ ही अमौसी एयरपोर्ट का प्रबंधन देखने वाले अडानी समूह के अधिकारियों को भी कई बार कॉल करके सूचना दी। अडानी समूह के अधिकारियों ने गहने मिलने का आश्वासन दिया और बताया कि सीसीटीवी फुटेज चेक कराई जाएगी। आठ जनवरी 2022 को महिला ने लखनऊ पहुंचकर एयरपोर्ट के अधिकारियों से संपर्क किया मगर उनके गहने नहीं मिल सके।
विज्ञापन

महिला का आरोप है कि अडानी ग्रुप के अधिकारियों व कर्मचारियों और सीआईएसएफ जवानों ने सोची-समझी साजिश के तहत गहने गायब किए हैं। इसी वजह से गहने का बॉक्स जमीन पर गिरने के आगे की फुटेज नहीं मिली है। महिला की तहरीर पर सरोजनीनगर पुलिस ने अडानी ग्रुप के कर्मचारियों व सीआईएसएफ जवानों के खिलाफ अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज करके छानबीन शुरू की है।
घटिया क्वालिटी की मिली फुटेज
एयरपोर्ट के सीसीटीवी फुटेज में पाया गया कि सुरक्षा जांच के समय गहने का बॉक्स स्कैनिंग ट्रे से जमीन पर गिर गया था। मगर उसके आगे की फुटेज नहीं मिल सकी। महिला के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज बेहद घटिया क्वालिटी की है। उनका कहना है कि एयरपोर्ट पर इतनी घटिया क्वालिटी के सीसीटीवी लगे होना देश की सुरक्षा के लिए खतरे की बात है।
सीआईएसएफ का घटना से इनकार
एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, एक महिला ने सरोजनीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने एक दिसंबर को शिकायत की थी कि सीआईएसएफ ने तलाशी के दौरान उसके हाथ के सामान की जांच की और 6-7 लाख रुपये के गहने निकाल लिए। महिला को जांच के आश्वासन के साथ जवाब दिया गया था। वहीं, सीआईएसएफ से स्पष्टीकरण मांगा गया था। सीआईएसएफ ने सीसीटीवी फुटेज चेक करने के बाद बताया कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें