लखनऊ। लखनऊ फुटबॉल एसोसिएशन (डीएफए) ने शहर में पहली बार आधिकारिक तौर पर अंडर-13, अंडर-15 और अंडर-17 आयु वर्ग की यूथ फुटबॉल लीग आयोजित करने की घोषणा की है। जुलाई प्रथम सप्ताह से शुरू हो रही यह पहल लखनऊ के युवा फुटबॉलरों के लिए भविष्य की नींव रखेगी।
यह लीग अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ और उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के कड़े नियमों और दिशा निर्देशों के तहत आयोजित की जाएगी। इस लीग में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को एआईएफएफ के सेंट्रल रजिस्ट्रेशन सिस्टम के माध्यम से आधिकारिक तौर पर पंजीकृत किया जाएगा।
इसके अलावा प्रतियोगिता का प्रबंधन कंपटीशन मैनेजमेंट सिस्टम के जरिये होगा, जिससे खिलाड़ियों का डेटा पूरी तरह सुरक्षित और आधिकारिक रहेगा। जो भी क्लब, फुटबॉल अकादमियां और शैक्षणिक संस्थान अपनी टीमें इन लीगों में शामिल करना चाहते हैं, वे मुकेश और अभिषेक से संपर्क कर सकते हैं।
लखनऊ फुटबाॅल एसोसिएशन के सचिव कन्हैया लाल ने बताया कि प्रतिवर्ष होने वाली जिला फुटबॉल लीग में कम आयुवर्ग वाले खिलाड़ियों को शामिल कर पाना संभव नहीं होता था, क्योंकि कम उम्र के खिलाड़ियों के चोटिल होने का खतरा रहता था। इसलिए एसोसिएशन ने यूथ लीग करने का फैसला किया गया।
लीग के प्रत्येक वर्ग में कम से कम आठ-आठ टीमों को शामिल किया जाएगा। मुकाबले चौक स्टेडियम, इकाना फुटबॉल ग्राउंड और रस्तोगी इंटर कॉलेज ग्राउंड में खेले जाएंगे। 15 से 20 दिन चलने वाले इस आयोजन के बाद जिला फुटबॉल लीग खेली जाएगी।