लखनऊ। कोलकाता के 31 वर्षीय सुनीत चौरसिया ने लखनऊ गोल्फ क्लब में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन विजय कुमार मेमोरियल खिताब अपने नाम किया। उन्होंने अंतिम दौर में एक-अंडर 69 का स्कोर बनाकर यह खिताब अपने नाम किया। सुनीत ने कुल नौ-अंडर 201 के स्कोर के साथ ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
उन्होंने दूसरे दौर में बोगी-रहित आठ-अंडर 62 का शानदार प्रदर्शन किया था। यह इस सत्र की उनकी लगातार दूसरी जीत है। शॉटगन प्रारूप में उनकी शुरुआत खराब रही, लेकिन उन्होंने तीसरे और पांचवें होल पर बर्डी लगाई। सुनीत ने लगातार दो टूर्नामेंट जीतने को शानदार अहसास बताया। चोट से वापसी के बाद यह जीत उनके लिए बेहद संतोषजनक रही। सुनीत को 3,17,875 रुपये की पुरस्कार राशि मिली।
वह डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर पहुंच गए। चार टूर्नामेंटों में उनकी कुल कमाई 6,86,518 रुपये हो गई है। दिल्ली के 41 वर्षीय पवन कुमार उपविजेता रहे। उन्हें 2,67,875 रुपये की पुरस्कार राशि मिली।
लखनऊ के 37 वर्षीय राजेश कुमार गौतम पांच-अंडर 205 के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वह टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ स्थानीय खिलाड़ी थे। राजेश ने 1,70,375 रुपये जीते और नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट में दूसरे स्थान पर हैं। दिल्ली के अजय बैसोया चार-अंडर 206 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहे। वसीम खान तीन-अंडर 207 के कुल स्कोर के साथ पांचवें स्थान पर रहे।
डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन विजय कुमार मेमोरियल प्रतियाेगिता के समापन पर खेल सचिव सुहास एलवाई ने विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। लखनऊ गोल्फ क्लब के कैप्टन आरएस नंदा, सचिव रनजीश सेठी समेत अन्य माैजूद रहे।