लखनऊ। चारबाग स्थित रवींद्रालय में 13 से 22 मार्च तक दस दिन किताबों का संसार सजेगा। 60 से अधिक स्टॉलों पर देशभर के प्रकाशक लाखों पुस्तकें लेकर पहुंच रहे हैं। खास बात यह है कि किताबों पर कम से कम दस फीसदी की छूट भी मिलेगी। कुछ प्रकाशक इससे अधिक छूट भी देंगे। विजन-2047 की थीम पर सजने वाले लखनऊ पुस्तक मेले में सांस्कृतिक आयोजनों में भारतीय संस्कृति की झलक दिखेगी।
लखनऊ पुस्तक मेले के संबंध में शाहनजफ रोड स्थित एक प्रतिष्ठान में आयोजित प्रेसवार्ता में आयोजक मनोज सिंह चंदेल ने बताया कि मेले में प्रवेश निशुल्क होगा। मेले में यूपी मेट्रो रेल का भी सहयोग रहेगा। वाटर प्रूफ पंडाल में नई तकनीक से छपी पुस्तकों के साथ मेले में डिजिटल तकनीक से जुड़े प्रकाशन उत्पाद भी देखने को मिलेंगे। साथ ही स्टेशनरी, शिक्षकों, स्कूलों के लिए उपयोगी सामग्री के स्टाॅल भी लगेंगे। मेले में मंच पर पुस्तक विमोचन, साहित्य चर्चा, काव्य पाठ, कहानी वाचन सहित बच्चों व युवाओं के कार्यक्रम और नाटकों के प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र होंगे। लेखक से मिलिए, पुस्तक विमोचन, युवा कार्यक्रम, कवि सम्मेलन, मुशायरा व सांस्कृतिक आयोजनों के लिए अलग से पंडाल होगा।
15 फीट के कैनवास पर उतरेगी वंदेमातरम की गाथा
पुस्तक मेले की आयोजन समिति के भूपेंद्र अस्थाना ने बताया कि वंदेमातरम गीत के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मेला प्रांगण में युवा चित्रकार 15 फीट लंबे कैनवास पर चित्र उकेरकर वंदेमातरम की गाथा को संजोएंगे। मेला निदेशक आकर्ष चंदेल ने बताया कि स्थानीय लेखकों की पुस्तकों के लिए भी अलग से एक स्टाॅल लगाया जाएगा।
अवधी व्यंजनों का उठा सकेंगे लुत्फ
ज्योति किरन रतन ने बताया कि मेले में अवधी व्यंजनों का उत्सव भी खास होगा। नई पीढ़ी में पुस्तकों के प्रति लगाव पैदा करने के मकसद से शहर भर के अनेक स्कूल-काॅलेजों के विद्यार्थियों को मेले में आमंत्रित किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के पदाधिकारी टीपी हवेलिया ने बताया कि प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात नौ बजे तक मेले में प्रवेश मिलेगा। किताबों पर न्यूनतम 10 प्रतिशत तक की छूट हर खरीदार को मिलेगी।
-
नेशनल बुक ट्रस्ट समेत कई प्रकाशक आएंगे
मेले में आने वाले प्रमुख प्रकाशकों और वितरकों में नेशनल बुक ट्रस्ट, हिंद युग्म, शुभी पब्लिकेशंस गुरुग्राम, उपकार प्रकाशन, निखिल पब्लिशर्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स आगरा, भारतीय कला प्रकाशन, रितेश बुक, अदित्रि बुक सेंटर, बेस्ट बुक्स, त्रिदेव बुक्स, आर्यन बुक, उर्दू के विलायत पब्लिकेशंस नई दिल्ली, ग्रीन पाम दिल्ली, लखनऊ के दिव्यांश पब्लिकेशंस, बोधरस प्रकाशन, रामकृष्ण मठ, बीइंग बुकिश, देवेंद्र बुक्स, नमन प्रकाशन, उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान आदि शामिल हैं। मेले में दिनकर पुस्तकालय भागलपुर के स्टाल पर पेंगुइन, हार्पर, वेस्टलैंड, राजकमल, वाणी, राजपाल, प्रभाकर प्रभात, पंक्ति व अन्य प्रकाशकों की बेस्ट सेलर्स किताबें भी उपलब्ध होंगी। साथ ही एंजल बुक हाउस रायपुर, शर्मा बुक प्रयागराज, श्रीजी बुक व एनके बुक जयपुर, द बुक ग्लोब सोहना और वैष्णवी बुक्स कानपुर के स्टाल भी होंगे।