लखनऊ। राजधानी में मार्च का आगाज सुहाने मौसम से होने वाला है। प्रदेश में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर यहां के मौसम पर भी पड़ा है। बृहस्पतिवार को पुरवाई संग बादलों की आवाजाही रही।
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और छिटपुट बूंदाबांदी की परिस्थितियां भी बन सकती हैं। इससे तापमान में तीन से चार डिग्री तक की गिरावट और तपिश भरी धूप से राहत के आसार हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को 1.3 डिग्री के उछाल के साथ दिन का पारा 30.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक रहा। रात का पारा एक डिग्री की बढ़त के साथ 14.5 डिग्री रहा।
अलीगंज, लालबाग की हवा बिगड़ी
राजधानी के छह वायु गुणवत्ता मापक स्टेशनों में से गोमतीनगर, बीबीएयू, कुकरैल और तालकटोरा की हवा पीली यानी मध्यम श्रेणी में देखने को मिली। अलीगंज और लालबाग की हवा नारंगी यानी सेहत के लिए खराब श्रेणी में दर्ज की गई।