लखनऊ। इंडिगो की उड़ानें निरस्त होने से अन्य एयरलाइनों ने मनमानी शुरू कर दी। सिविल एविएशन मंत्रालय की सख्ती के बाद विमानों का किराया घटा। लखनऊ से रात 9:50 बजे की मुंबई की एयर इंडिया की उड़ान का किराया शनिवार सुबह 62,043 रुपये तक पहुंच गया। दोपहर में मंत्रालय का आदेश आने के बाद शाम को यह घटकर 18,542 रुपये हुआ। ऐसे ही दिल्ली की इंडिगो की शाम 7:20 बजे की उड़ान का किराया 18,328 रुपये पहुंच गया था, जो बाद में घटकर 8,580 रुपये हुआ।
जयपुर, अहमदाबाद, बंगलूरू, पटना, कोलकाता, हैदराबाद आदि जगहों की उड़ानें भी शाम को सस्ती हो गईं। एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि मंत्रालय ने पांच सौ किमी तक की दूरी का 7500 रुपये, 500 से 1000 किमी तक का 12 हजार रुपये अधिकतम, 1000 से 1500 किमी तक अधिकतम 15 हजार रुपये तथा इससे ज्यादा की दूरी का किराया 18 हजार रुपये फिक्स कर दिया है।