लखनऊ। 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए एक साल से तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के इम्तिहान का दिन आ गया है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) और काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट इग्जामिनेशन (सीआईएससीई) की परीक्षा मंगलवार और यूपी बोर्ड की परीक्षा बुधवार से शुरू हो रही है। राजधानी में यूपी बोर्ड में 1,03,088, सीबीएसई में 43,894 और सीआईएससीई के 24,100 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
सीबीएसई के जिला कोऑर्डिनेटर जावेद आलम ने बताया कि मंगलवार से 10वीं की गणित और 12वीं की बायोटेक्नोलॉजी व हिंदी, अंग्रेजी शार्टहेंड की परीक्षा होगी। इस बार लखनऊ में भी सीबीएसई का क्षेत्रीय कार्यालय बनाया गया है, जहां से बोर्ड परीक्षा की निगरानी होगी। संयुक्त शिक्षा निदेशक व यूपी बोर्ड राज्य कंट्रोल रूम प्रभारी विवेक नौटियाल ने बताया कि यूपी बोर्ड की पहले दिन 10वीं और 12वीं की हिंदी विषय की परीक्षा होगी।
शांतिपूर्ण व नकलविहिन परीक्षा करवाने के लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के शिविर कार्यालय में राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम बनाया गया है। इस बार जिला प्रभारियों की संख्या बढ़ाई गई है। डीआईओएस राकेश कुमार ने बताया कि राजधानी के 121 केंद्रों की निगरानी के लिए राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम बनाया गया है।
सेंट जोसफ के प्रबंध निदेशक अनिल अग्रवाल ने बताया कि आईसीएसई (10वीं) की मंगलवार को अंग्रेजी की परीक्षा होगी। आईएससी (12वीं) की मंगलवार को गृह विज्ञान विषय की परीक्षा होगी। सीबीएसई की परीक्षा नौ अप्रैल, यूपी बोर्ड की 12 मार्च और सीआईएससीई की परीक्षा छह अप्रैल तक चलेगी।
बोर्ड- केंद्र संख्या- 10वीं में पंजीकृत - 12वीं में पंजीकृत
सीबीएसई 40 21,929 21,670
यूपी बोर्ड 121 51,907 51,181
सीआईएससीई 100 12,100 12,000
बोर्ड परीक्षा में किए गए बदलाव
- सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा में कई बदलाव हुए हैं। विद्यार्थियों को अब सेक्शन के अनुसार उत्तर देने होंगे। व्यावहारिक और विश्लेषणात्मक प्रश्न पूछे जाएंगे। 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कंप्यूटर स्क्रीन पर होगा। सुरक्षा की दृष्टि से उत्तर पुस्तिकाओं में यूनिक नंबर और वॉटरमार्क का इस्तेमाल होगा।
- यूपी बोर्ड परीक्षा में कॉपियों के आकार में बदलाव किया गया है। परीक्षार्थी अब वर्टिकल (लंबवत) उत्तर पुस्तिका पर प्रश्न हल करेंगे। उत्तर पुस्तिका के हर पन्ने पर रोलनंबर और कॉपी नंबर लिखना होगा। कॉपियों के बीच पैसे रखने पर सख्त कार्रवाई होगी। परीक्षार्थियों को केंद्र के साथ विद्यालय का प्रवेश पत्र भी साथ लाना होगा।
बोर्ड परीक्षा में ऐसा न करें
संयुक्त शिक्षा निदेशक (समग्र शिक्षा, माध्यमिक) विवेक नौटियाल ने बताया कि परीक्षा हॉल में मोबाइल, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रानिक्स डिवाइज, कागज जैसे नोट्स व पर्ची न ले जाएं। उत्तर पुस्तिका के पन्ने न बदलें और न ही फाड़ें, उत्तर पुस्तिका के अंदर नाम, मोबाइल नंबर या कोई अन्य पहचान न लिखें।
इन बातों का रखें ध्यान
केंद्र पर परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले पहुंचें। विषम परिस्थिति में परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट तक ही प्रवेश की अनुमति मिलेगी। सकारात्मक रहें, तनाव न लें, पौष्टिक आहार खाएं और खूब पानी पीएं, पूरी नींद लें। सभी प्रश्न पहले पढ़ लें और फिर उत्तर दें।