लखनऊ। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई और डिप्लोमा इंजीनियरिंग की शैक्षिक योग्यता वाले युवा अपना सीवी तैयार रखें। कालीचरण डिग्री कॉलेज में 18 फरवरी को सेवायोजन विभाग की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें 15 कंपनियों में शैक्षिक योग्यता के आधार पर 23 हजार रुपये महीने तक के वेतन पर नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी प्रज्ञा त्रिपाठी ने बताया कि टाटा मोटर्स, एलआईसी, इंस्टा ह्यूमन, स्विगी लिमिटेड, स्वदेश ग्राफिक्स, सूर्या कंस्ट्रक्शन, ठाकुर पब्लिकेशन सहित 15 कंपनियों के प्रतिनिधि रोजगार मेले में शामिल होंगे। करीब 500 पदों पर भर्ती के लिए युवाओं का साक्षात्कार लिया जाएगा। शैक्षिक योग्यता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना ज्यादा होगी।
मेले में हिस्सा लेने वाले संगम पोर्टल rojgarsangam.up.gov.in पर पंजीकृत होकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण संख्या, सीवी और शैक्षिक प्रमाणपत्र के साथ युवा सीधे रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं। इनसे कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। कोई असुविधा होने पर टोलफ्री नंबर 155330 पर संपर्क कर सकते हैं।