विद्यालय का निरीक्षण करतीं मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब।
लखनऊ। अटल आवासीय विद्यालय सिठौली कलां में मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने शनिवार को निरीक्षण किया। यहां उन्होंने शिक्षक के रूप में बच्चों से पूछा कि पढ़ाई कैसी हो रही है। बच्चों से अलग-अलग बातकर शैक्षिक व्यवस्था को परखा।
उन्होंने बच्चों से पूछा कि शिक्षक कक्षा में रोज समय से आते हैं तो बच्चों ने हां में जवाब दिया। मंडलायुक्त ने बच्चों से किताबें भी पढ़वाईं। पढ़ाई के साथ लिखने की कला को और बेहतर करने के लिए कहा। कहा, रोजाना पढ़ने से एक दिन सपने जरूर पूरे होंगे। बच्चों के खान-पान, रहन-सहन, संगीत व खेलकूद के बारे में भी जानकारी ली।
बच्चों को बताया क्या होता है मंडलायुक्त
बच्चों ने डॉ. रोशन जैकब से पूछा मैम आपका क्या नाम है, क्या आप हमारी नई शिक्षिका हैं। उन्होंने जवाब दिया कि मैं शिक्षिका नहीं हूं, आपके लखनऊ मंडल की मंडलायुक्त हूं। बच्चों को मंडलायुक्त के दायित्व बताए। छात्राओं ने पूछा कि मंडलायुक्त कैसे बन सकते हैं? तो उन्होंने कहा इसके लिए आईएएस की परीक्षा पास करनी होगी।
मंडलायुक्त ने स्कूल कर्मियों को दिए ये निर्देश
-
सामान्य ज्ञान, खेल-कूद, कला व पेंटिंग प्रतियोगिता कराई जाए। विद्यार्थियों के कार्यों का मूल्यांकन करें। मेधावी छात्रों की कॉपियों को अंतर विद्यालयीय स्तर पर प्रदर्शित किया जाए। विषयवार कम अंक प्राप्त करने वाले छात्रों पर ध्यान दें। सप्ताह में एक बार शैक्षिक प्रेरणादायी वीडियो दिखाएं।