लखनऊ। राजधानी में बृहस्पतिवार आधी रात को आंधी-पानी के कारण शहर से गांव तक कुछ बड़े इलाकों में बिजली व्यवस्था पटरी से उतरी रही। यह संकट खंभे व तार टूटने और बारिश के दौरान एबी केबल में फॉल्ट आने से पैदा हुआ। करीब 11 घंटे तक लोगों को बिजली के साथ पानी की किल्लत से जूझना पड़ा।
11 घंटे तक तीन हजार उपभोक्ता रहे परेशान
राजाजीपुरम। पाल तिराहा स्थित न्यू उपकेंद्र में बृहस्पतिवार शाम सात बजे 11 केवी आउटगोइंग फीडर की ट्राॅली में ब्लास्ट होने के कारण मोहन भोग, महिला डिग्री काॅलेज, शीला गार्डन और सरीपुरा फीडर की आपूर्ति ठप हो गई। इससे सेक्टर-11, सरीपुरा, केतन विहार जयरामनगर, शीला गार्डन, कनक सिटी, भगवंत नगर और आस्था कॉलोनी के करीब तीन हजार घरों में अंधेरा हो गया। ढाई घंटे मरम्मत के बाद बिजली चालू हुई तो सरीपुरा फीडर ओवरलोड होकर ट्रिप हो गया। इससे पूरा इलाका फिर अंधेरे में डूब गया। फाॅल्ट ठीक होने पर आपूर्ति चालू करते ही कनक सिटी और चित्रांश स्कूल के पास लगे 630 केवी के ट्रांसफार्मरों के फ्यूज उड़ गए। इसी बीच बारिश के कारण रात 2:40 बजे न्यू हैदरगंज फीडर में फाॅल्ट आने से असियामऊ, लकड़मंडी, आशिक अली मार्केट, सोनभट्टा, बरौरा हुसैनबाड़ी, सिल्वर सिटी और शालीमार कॉलोनी की भी बिजली गुल हो गई। मरम्मत के बाद सुबह छह बजे इलाकों में आपूर्ति बहाल हुई।
दो लाख की आबादी ने झेला संकट
मोहनलालगंज। आंधी चलते जगह-जगह पेड़ उखड़कर बिजली के तारों पर गिर गए। इससे करीब 15 बिजली के पोल और कई जगह तार टूट गए। खुजेहटा ट्रांसप्लांट से मोहनलालगंज पावर हाउस को आने वाली 33 केवी भूमिगत लाइन में भी ब्रेकडाउन हो गया। यह फॉल्ट देर तक नहीं खोजा जा सका। करीब दो लाख की आबादी पूरी रात और शुक्रवार दोपहर तक परेशान रही।
मंत्री आवास के पास ट्रांसफार्मर पर गिरा पेड़
मंत्री आवास सबस्टेशन इलाके में विकल्प खंड एक व दो फीडर के पास लगे 400 केवी ट्रांसफार्मर पर पेड़ गिरने से करीब 50 घरों की बिजली बंद हो गई। विनय खंड तीन आदर्श मार्केट के पास की बंद बिजली वैकल्पिक व्यवस्था से सामान्य की गई।
इन इलाकों में भी रहा संकट
- काकोरी के बड़ागांव, पॉलिटेक्निक, रहमानखेड़ा, बुद्धेश्वर, आदर्श बिहार, जाहिद नगर, सिया कॉलोनी, मुनेश्वरपुरम, प्रभातपुरम, पिंकसिटी, पारा, आवास विकास, महिपतमऊ, दशहरी मोड़, बरावन कला, बरावन खुर्द, यादव बाजार, सिद्धेश्वरी, जेहटा क्षेत्रों में भी तीन से सात घंटे रहा संकट।
- निगोहां के पुरहिया, हरिहरपुर पटसा, भटपुरा, नटौली, लालपुर, दखिना, टोल प्लाजा सहित 19 गांवों की आपूर्ति एक से चार घंटे तक रही बाधित। माल के नबीपनाह, नरायनपुर, गहदेव, अटारी, शंकरपुर और मंझी फीडर से जुड़े गांवों की बिजली शुक्रवार सुबह चालू हो पाई।
- राजाजीपुरम न्यू उपकेंद्र के सेक्टर-11-12, सी और ई ब्लॉक, शिवाजीपुरम, अशोकनगर, खिन्नी चौराहा, सरीपुरा, मानस बिहार, कनक सिटी, चंद्रिका विहार, गुलशन इम्तियाज कॉलोनी, भुइयन देवी मंदिर, आस्था सिटी, मुन्नी विहार, अशोक विहार, शीला गार्डन, चित्रांश स्कूल के आसपास के करीब 2500 घरों की बिजली शुक्रवार दोपहर एक बजे से शाम तक ठप रही।