लखनऊ। केजीएमयू में 28 दिन से ठप हेपेटाइटिस वायरल लोड की जांच दोबारा शुरू होगी। किट खत्म होने से मरीज निजी केंद्रों पर जांच कराने को मजबूर थे। अब विवि प्रशासन ने सभी काउंटरों से दोबारा नमूने लेने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, कुछ किट मिल गई हैं, जिससे जांच प्रक्रिया बहाल की जा रही है। यहां रोजाना करीब 40-50 मरीजों को यह जांच लिखी जाती है। नोडल सेंटर होने के कारण अन्य जिलों से भी सैंपल केजीएमयू ही आते हैं, जिससे लैब में रोजाना 70-90 जांच होती हैं। दरअसल, एनएचएम से बजट न मिलने के कारण किट खत्म हो गई थी और ओपीडी व विभागों में सैंपल कलेक्शन रोक दिया गया था। अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद किट उपलब्ध करा दी गई है।
केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि संस्थान ने वैकल्पिक व्यवस्था कर ली है और सुचारू रूप से सैंपल लेने के निर्देश जारी कर दिए हैं।