लखनऊ। कॉमनवेल्थ गेम्स में स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू के स्वर्ण पदक ने देश में वेटलिफ्टिंग को नई पहचान दिलाई है। इसी बीच लखनऊ के खिलाड़ियों के लिए भी राहत भरी खबर है। खेल प्रोत्साहन समिति की ओर से केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित वेटलिफ्टिंग सेंटर में जल्द महिला कोच की नियुक्ति की जाएगी। कोच मिलने के बाद लंबे समय से प्रभावित प्रशिक्षण व्यवस्था पटरी पर लौटने की उम्मीद है। केडी सिंह बाबू स्टेडियम का वेटलिफ्टिंग सेंटर प्रदेश के प्रमुख प्रशिक्षण केंद्रों में शामिल रहा है। यहां से कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। हालांकि नियमित कोच नहीं होने से पिछले कुछ समय से खिलाड़ियों का अभ्यास प्रभावित हो रहा था। नई नियुक्ति के बाद खिलाड़ियों को नियमित और व्यवस्थित प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे लखनऊ के वेटलिफ्टरों की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद बढ़ गई है। सूत्रों के अनुसार महिला कोच को स्टेडियम के छात्रावास के वार्डन का अतिरिक्त प्रभार भी दिया जा सकता है। इसके अलावा खेल प्रोत्साहन समिति की ओर से विजयंत खंड स्टेडियम में करीब 15 और विनय खंड स्टेडियम में चार एयर कंडीशनर लगाने की प्रक्रिया भी चल रही है।
Iवेटलिफ्टिंग सेंटर के लिए महिला कोच की नियुक्ति की जानी है। इसके लिए चयन प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। जल्द ही साक्षात्कार की तिथि घोषित की जाएगी। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद महिला कोच की तैनाती कर दी जाएगी और खिलाड़ियों का नियमित प्रशिक्षण शुरू हो सकेगा।I
-डॉ. अतुल सिन्हा, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी