लखनऊ। कल्ली पश्चिम में रियल एस्टेट कारोबारी संदीप सिंह की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला है कि शूटर कई दिन पहले से शहर में डेरा डाले हुए थे। उन्होंने संदीप की गतिविधियों की रेकी की थी। पुलिस अब बदमाशों के करीबियों का ब्योरा खंगाल रही है। सर्विलांस की मदद से पुलिस को कुछ लोगों के बारे में पता चला है, जिनकी तलाश की जा रही है।
डीसीपी दक्षिणी अमित आनंद के मुताबिक मामले की कई बिंदुओं पर छानबीन हो रही है। संपत्ति विवाद और रंजिश की आशंका पर कुछ लोगों से पूछताछ की गई है। जल्द ही वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा।
उधर, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ माह पहले प्रापर्टी को लेकर हुए विवाद के दौरान हत्या की धमकी दी जा रही है। वीडियो में एक शख्स कह रहा है कि जमीन के विवाद में हत्या भी हो जाती है। पुलिस अब वीडियो वायरल होने के बाद संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि संदीप की हत्या भाड़े के हत्यारों से कराई गई है। पुलिस का कहना है कि हमलावर जिस तरफ से आए थे, उसका खाका तैयार कर लिया गया है। वाहन नंबर के जरिये भी उनका पता लगाया जा रहा है।
मूलरूप से जौनपुर के सिकरारा टिकारी गांव निवासी संदीप सिंह की बुधवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। संदीप यहां वृंदावन कॉलोनी में पत्नी प्रीती और बच्चों के साथ रहते थे। बदमाश गोली मारते समय कैमरे में कैद हो गए थे। संदीप को तीन गोली लगी थी। प्रीती की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
संदीप सिंह की फाइल फोटो।