लखनऊ। यूथ क्लब और गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज ने अपने मुकाबले जीतते हुए अंडर-19 जसबीर सिंह मेमोरियल क्रिकेट लीग में पूरे अंक प्राप्त किए। यूथ क्लब ने इकाना रेंजर्स को 93 और स्पाेर्ट्स कॉलेज ने सीएएल रेड को 12 रन से पराजित किया।
पहले मुकाबले में यूथ क्लब ने 28 ओवर में सात विकेट खोकर 226 रन बनाए। शौर्य बिंद ने 75 और कपिल कुमार ने 55 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। हर्षित पटेल और फैसल अंसारी ने दो-दो विकेट हासिल किए। जवाब में इकाना टाइटंस की टीम खराब शुरुआत से उबर न सकी और 24.2 ओवर में 133 रन बनाकर आउट हो गई। फैसल अंसारी (25) टीम के सर्वोच्च स्कोरर रहे। अहमद ने तीन विकेट चटकाए।
लीग के दूसरे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज ने 31.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 203 रन बनाए। हर्ष यादव ने 40 और आदित्य त्रिपाठी ने 33 रन बनाए। अभय गुप्ता ने पांच और हादी इमरान ने तीन विकेट लिए। जवाब में सीएएल रेड की टीम खराब शुरुआत से उबर न सकी और 33.5 ओवर में 191 रन बनाकर आउट हो गई। अमन ने सबसे अधिक 82 रन बनाए। रुद्र सिंह, आरुष कुमार और सत्यम सिंह ने दो-दो विकेट हासिल किए।