शाहजहांपुर के एसपी दिनेश सिंह के मुताबिक थाना रामचंद्र मिशन के दरोगा की तहरीर पर कुख्यात आदित्य राणा, दरोगा दीपक कुमार अशोक, सिपाही रिंकू सिंह, अमित कुमार व चालक मनोज कुमार पर काम में लापरवाही बरतने व साजिश रचने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
लखनऊ जिला जेल में बंद कुख्यात अपराधी आदित्य राणा पेशी पर मुजफ्फरनगर गया था। मंगलवार को वापसी के समय देर शाम को शाहजहांपुर में एक ढाबा पर गाड़ी रूकवाई। इसके बाद पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। काफी देर तक उसके न आने पर तलाश शुरू की गई। लेकिन वह हाथ नहीं लगा। इसके बाद उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई। शाहजहांपुर के रामचंद्र मिशन थाने में आदित्य राणा, दरोगा व तीन सिपाहियों पर केस दर्ज कर लिया गया है।
विज्ञापन
जेल अधिकारियों के मुताबिक बिजनौर के स्योहरा थानाक्षेत्र के राना नंगला का रहने वाला आदित्य राणा सरकारी नौकरी करता था। उसके खिलाफ मेरठ, बिजनौर व आसपास के जिलो में 27 मुकदमें दर्ज हैं। इसमें 5 हत्या के हैं। इसकेअलावा फिरौती, रंगदारी, हत्या के प्रयास के मुकदमें दर्ज हैं। उसे प्रशासनिक आधार पर बाराबंकी जेल से 22 अगस्त 2019 को लखनऊ जेल में शिफ्ट किया गया था। 23 अगस्त मंगलवार को आदित्य को बिजनौर के एडीजे कोर्ट में पेशी पर जाना था। उसे पेशी पर ले जाने के लिए दरोगा व तीन सिपाहियाें की अभिरक्षा ड्यूटी लगी थी। 22 अगस्त सोमवार की शाम करीब 4 बजे पुलिस लाइन से एक एसयूवी से गये दरोगा दीपक कुमार अशोक, सिपाही रिंकू सिंह, अमित कुमार व चालक मनोज कुमार जेल पहुंचे। वहां उसे वाहन से बिजनौर लेकर गये। जहां मंगलवार सुबह एडीजे कोर्ट में पेश किया।
नित्यक्रिया के बहाने भागा आदित्य
वहां से वापसी के समय शाहजहांपुर के रामचंद्र मिशन थानाक्षेत्र के हाइवे पर स्थित रेड चिली ढाबा पर रोकने को कहा। आदित्य ने कहा कि उसे नित्यक्रिया करनी है। इसके बाद सभी पुलिसकर्मियों ने सोचा की यहीं पर खाना खा लिया जाए। शाम को ढाबे पर रुकने के बाद आदित्य शौचालय में चला गया। वहीं पुलिसकर्मी खाने का आर्डर देने में जुट गये। मौका देखकर आदित्य शौचालय की दीवार फांदकर फरार हो गया। इस दौरान उसकी निगरानी केलिए गये पुलिसकर्मी खाने पीने में मशगुल रहे। काफी देर तक वापस नहीं आया तो पुलिसकर्मियों के होश उड़ गये। आसपास के इलाके में तलाश शुरू की। फिर भी नहीं मिला।
विज्ञापन
पांच पर दर्ज हुआ केस
पुलिस कर्मियों ने ढाबे के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। शाहजहांपुर के एसपी दिनेश सिंह के मुताबिक थाना रामचंद्र मिशन के दरोगा की तहरीर पर कुख्यात आदित्य राणा, दरोगा दीपक कुमार अशोक, सिपाही रिंकू सिंह, अमित कुमार व चालक मनोज कुमार पर काम में लापरवाही बरतने व साजिश रचने का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में जिले में हाई अलर्ट कर दिया है। वहीं टीमें उसकी तलाश में कई जगह दबिश दे रही हैं।