लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में मरीज को गलत तरीके से वीगो लगाने की आरोपी नर्स को जांच समिति ने दोषी माना है। अब उसे चार्जशीट दी जाएगी।
अक्तूबर में संस्थान के हड्डी रोग विभाग में 60 वर्षीय केसरी को भर्ती कराया गया। उन्हें दवाएं चढ़ाने के लिए तीमारदार ड्यूटी पर तैनात नर्स से वीगो लगाने के लिए कर रहे थे। बार-बार बुलाने पर भी वह नहीं आई तो तीमारदार उसके केबिन के सामने बैठ गए। नर्स ने गुस्से में गलत तरीके से वीगो लगा दिया। इससे महिला के हाथ में सूजन आ गई। तीमारदार ने इसके बारे में बताया, पर नर्स ने ध्यान नहीं देखा। ड्यूटी बदलने के बाद आई दूसरी नर्स ने बताया कि वीगो गलत लगा है। तब तक देर हो चुकी थी, इसलिए बुजुर्ग का हाथ काटना पड़ा था। तीमारदारों की शिकायत के बाद केजीएमयू प्रशासन ने जांच की।
नए नर्सिंग मैनुअल के बाद हुई सख्ती
केजीएमयू ने बीते वर्ष ही नया नर्सिंग मैनुअल लागू किया है। अभी तक लापरवाही के मामलों में नर्सिंग स्टाफ बच जाता था, लेकिन नए मैनुअल में ऐसा संभव नहीं है। इसी वजह से इस मामले में नर्सिंग स्टाफ पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी है।
कोट-
जांच में आरोपी नर्स की लापरवाही उजागर हुई है। अब उसे चार्जशीट दी जाएगी। जवाब आने के बाद कार्रवाई होगी।
- प्रो. केके सिंह, प्रवक्ता, केजीएमयू