लखनऊ। केजीएमयू में जनरल सर्जरी विभाग की बिल्डिंग का निर्माण का स्थान तय हो गया है। कुलसचिव की तरफ से आदेश जारी किया गया है। अफसरों ने जल्द ही निर्माण शुरू होने का दावा किया है।
केजीएमयू में शताब्दी भवन के पीछे जनरल सर्जरी विभाग की नई बिल्डिंग बनाने की तैयारी है। 9.62 एकड़ में 37,128.76 स्क्वायर मीटर के बिल्ड अप क्षेत्र में भवन का निर्माण होना है। इसके निर्माण में करीब 315 करोड़ रुपये की लागत का अनुमान है। कार पार्किंग के लिए दोमंजिला अंडर ग्राउंड बेसमेंट बनेगा।
इसके अतिरिक्त, ग्राउंड फ्लोर समेत कुल 11 मंजिला भवन बनाया जाएगा। इसे अस्पताल व बिल्डिंग मैनेजमेंट से लैस किया जाएगा। इससे सर्जरी कराने वाले मरीजों को राहत मिलेगी। नए भवन में कुल 300 बेड व 12 ऑपरेशन थिएटर होंगे। इसमें एडवांस रोबोटिक सर्जरी की ओटी होगी। सभी 11 माड्यूलर ऑपरेशन थिएटर होंगे। इसमें छह ओटी लैप्रोस्कोप सिस्टम से लैस हैं। भवन में टीचिंग हॉस्पिटल व ऑडिटोरियम समेत विभिन्न सुविधाओं से युक्त किया जाएगा।