बैठक में शामिल गोमतीनगर जनकल्याण महासमिति के पदाधिकारी।
लखनऊ। गोमतीनगर जनकल्याण महासमिति का नाम बदलकर अब लखनऊ महासमिति किया जाएगा। महासमिति में सचिवों की संख्या चार से बढ़ाकर छह और उपाध्यक्षों की संख्या दो से बढ़ाकर चार करने पर भी सहमति बनी है। संगठन सचिव के पद भी दो से बढ़ाकर चार किए जाएंगे। यह निर्णय रविवार को विपुल खंड स्थित पं. यज्ञदेव शर्मा के आवास पर हुई प्रबंध समिति की बैठक में लिए गए।
महासमिति में युवा सचिव के चयन, सांस्कृतिक सचिव के पद पर महिला पदाधिकारी और मीडिया प्रभारियों की संख्या चार करने पर सहमति बनी। दो सलाहकार समिति सदस्य और सहायक कोषाध्यक्ष का पद भी सृजित किया जाएगा। विवेक को विपुल खंड एक से छह तक की समितियों का खंड प्रभारी बनाने की मंजूरी दी गई। विनीत खंड छह में मौजूदा सीवर लाइन अनुपयोगी होने के कारण उसे बदलने पर भी सहमति बनी।
बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को एससीआर के माध्यम से गोमतीनगर में वृहद स्विमिंग पूल बनाने का प्रस्ताव भेजने पर सहमति बनी। इसमें दो साल के बच्चों से लेकर 70 वर्ष तक के लोगों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता डॉ. बीएन सिंह ने की। इस दौरान उपाध्यक्ष राकेश त्यागी, महासचिव डॉ. राघवेंद्र शुक्ला, कार्यकारी महासचिव कर्नल एएन पांडेय, सचिव सीजी नायर आदि मौजूद रहे।