लखनऊ। दुबग्गा क्षेत्र के आउटर रिंग रोड पर सोमवार शाम हुए हादसे के बाद इलाके में गम और आक्रोश का माहौल बना रहा। बनिया खेड़ा निवासी रामानंद उर्फ गोलू (20) की मौत के बाद मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजन बदहवास हो गए। बहनों और पिता का रो-रोकर बुरा हाल था। हालात को देखते हुए बनिया खेड़ा गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस की मौजूदगी में दोपहर बाद गोलू का अंतिम संस्कार कराया गया।
जांच में पता चला है कि कार का तीन साल से इंश्योरेंस नहीं कराया गया था। सोमवार शाम गोलू सड़क किनारे भैंस चरा रहा था, तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने उसे टक्कर मार दी थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि हादसे में शामिल कार पिछले तीन साल से बिना इंश्योरेंस चलाई जा रही थी। कार चालक नाबालिग था और बिना लाइसेंस वाहन चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के वक्त चालक मोबाइल फोन से रील बना रहा था। टक्कर के बाद कार के दोनों एयरबैग खुलने से कार सवार दोनों किशोरों की जान बच गई। इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा ने परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार को कब्जे में लेने के साथ दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।