लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में तीन दिसंबर को हुई सम सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान नकल सामग्री मिलने के मामले में अब जांच शुरू होगी। परीक्षा केंद्र के बाथरूम में नकल की पर्चियां और एक छात्रा के पास मोबाइल फोन बरामद होने के बाद विवि प्रशासन ने उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर दी है। हालांकि घटना के दिन ही विश्वविद्यालय की ओर से आरोपों को निराधार बताया गया था लेकिन अब पूरे मामले की औपचारिक जांच होगी।
सूत्रों के मुताबिक, तीन दिसंबर को परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई थी। पहली पाली सुबह दस से एक बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो से शाम पांच बजे तक। पहली पाली के दौरान एक शिक्षक को एक छात्रा के पास मोबाइल मिला, जिसे मौके पर ही सील करवा दिया गया। दूसरी पाली में परीक्षा केंद्र के बाथरूम से नकल की पर्चियां बरामद की गईं। इस संबंध में एक शिक्षक ने विश्वविद्यालय प्रशासन को संदेश भेजकर स्थिति से अवगत भी कराया था।
सीटिंग प्लान में भी गड़बड़ी
परीक्षा के दिन सीटिंग प्लान भी गलत पाया गया। परीक्षा नियंत्रक तथा एसोसिएट कंट्रोलर की लापरवाही सामने आई। ड्यूटी पर लगाए गए कुछ शिक्षक भी अनुपस्थित मिले।
कोट
पूरे प्रकरण की जांच के लिए उच्च स्तरीय कमेटी बनाई गई है। कमेटी को जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलते ही दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. शशांक शेखर, प्रवक्ता, आरएमएलएनएलयू