किशोरी का हो रहा था विवाह, पुलिस ने रुकवाया
लखनऊ। आशियाना में रविवार को एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह का आयोजन था। तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। दुल्हन पक्ष बरातियों का इंतजार कर रहा था। इस बीच किसी ने सोशल मीडिया पर 16 वर्षीय दुल्हन के नाबालिग होने की बात वायरल कर दी। मामले की जानकारी होने पर आशियाना पुलिस पहुंचीं और विवाह रुकवा दिया।
इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह के मुताबिक, रविवार को आशियाना के चांसलर क्लब के पास स्थित गेस्ट हाउस में शादी समारोह था। तभी वहां पहुंचे एक अतिथि ने दुल्हन को किशोरी बताते हुए उसकी जबरन शादी कराने की बात एक्स पर पोस्ट कर दी। इसका संज्ञान लेकर इंस्पेक्टर, उनकी टीम व समाजसेवी मधु यादव गेस्ट हाउस पहुंच गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि दुल्हन के दस्तावेज देखने पर उसकी आयु 16 वर्ष निकली। ऐसे में शादी रुकवाते हुए दोनों पक्षों को समझाया गया। उधर, समाजसेवी ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की है।