लखनऊ। एक ओर मंच पर होनहारों की मेहनत को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलंकृत कर रहे थे। दूसरी ओर, यह दृश्य मेधावियों के अभिभावकों के चेहरों को खुशियों से तर कर रहा था। सीएम से मिलने को लेकर मेधावी उत्साहित व जोश से लबरेज नजर आए। इतना ही नहीं, होनहारों के इस अलंकरण समारोह को कलाकारों की प्रस्तुतियों ने यादगार बना दिया।
मौका था अमर उजाला मेधावी सम्मान समारोह का। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स ऑडिटोरियम में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के टॉपरों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया। इस दौरान मेधावियों को न केवल सम्मानित किया गया, बल्कि उन्हें उपहारस्वरूप स्कूटी, चेक, बैग, स्मार्टफोन आदि भी प्रदान किए गए।
बृहस्पतिवार दोपहर भीषण गर्मी से होते हुए जब मेधावी ऑडिटोरियम पहुंचे और अपने बीच मुख्यमंत्री को पाया तो उनके चेहरे खिल उठे। मुख्यमंत्री ने भी मेधावियों की मेहनत को भरपूर सराहा और उन्हें ऐसे टिप्स दिए, जो जीवनभर काम आएंगे। उन्होंने मेधावियों को मोबाइल का सकारात्मक इस्तेमाल करने की सलाह दी और जीवन में कभी हार नहीं मानने को कहा। इस मौके पर मेधावियों ने मुख्यमंत्री के साथ तस्वीरें भी खिंचवाई।
टॉपरों के जोश व उनके अभिभावकों की खुशी से पूरा वातावरण सराबोर हो गया। इससे पूर्व मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां हुईं। मंच पर मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मंत्री राकेश सिंह सचान, मयंकेश्वर शरण सिंह, संजय गंगवार उपस्थित रहे। राज्यमंत्री गुलाब देवी ने अपना वीडियो संदेश मेधावियों को भेजा, जिसे स्क्रीन पर चलाकर सुनाया गया।
संसाधनों के अभाव में निखरा हुनर
समारोह की खास बात यह रही कि मंच पर ऐसे मेधावियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने संसाधनों के अभाव में खुद को चमकाया। मेहनत की और टॉपर बने। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐसे मेधावियों को अलंकृत कर उनकी मेधा को सराहा। साथ ही मंच पर उपस्थित अतिथियों ने आगे की पढ़ाई में हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।