लखनऊ। नाका इलाके में बुधवार को खतरनाक मांझे की चपेट में आने से घायल युवती इशिका की सजगता से उनकी मां का गला कटने से बच गया। इशिका ने मांझे का हाथ से पकड़ लिया, जिससे उनकी दो अंगुलियां जख्मी हो गईं।
कैसरबाग के खंदारी बाजार निवासी इशिका ने बताया कि बुधवार दोपहर वह मां सिमरन के साथ होली की खरीदारी के लिए स्कूटी से बाजार जा रही थीं। स्कूटी मां चला रही थीं। लालकुआं स्थित पुल पर इशिका ने हवा में लहराता मांझा देखा। मां की गर्दन बचाने के लिए इशिका ने अपना हाथ आगे कर दिया और मांझा पकड़ लिया। मांझे की रगड़ से इशिका के दाहिने हाथ की दो अंगुलियां जख्मी हो गईं। राहगीरों की मदद से इशिका को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार और एक अंगुली में चार टांके लगाने के बाद डॉक्टरों ने इशिका को छुट्टी दे दी। छह मार्च को इशिका की परीक्षा है। अंगुलियां जख्मी होने की वजह से उन्हें दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है। इशिका की मां सिमरन ने मुख्यमंत्री से खतरनाक मांझे पर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, उन्होंने पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है।