लखनऊ। नकली पान मसाला बनाने के दो आरोपियों को पीजीआई थाने की पुलिस ने मंगलवार को जेल भेज दिया। छानबीन में सामने आया कि आरोपी कमला पसंद और राजश्री ब्रांड का नकली पान मसाला बनाकर छोटे दुकानदारों को सस्ती दर पर बेचते थे।
इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक गन्ने वाली गली अमीनाबाद निवासी अर्श और लालकुआं के रईस अहमद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में पता लगा रही है।
दोनों आरोपियों के पास से पांच गत्ते में नकली कमला पसंद, एक गत्ता तंबाकू, तीन बोरी राजश्री पान मसाला के रैपर, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, पैकिंग मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों ने किन दुकानदारों को नकली पान मसाला बेचा है। पुलिस का कहना है कि नकली पान मसाला को बरामद कर नष्ट कराया जाएगा। सोमवार रात पुलिस ने हुसैनगंज में छापा मारकर नकली पान मसाला बनाने वाली फैक्टरी पकड़ी थी। आरोपी पीजीआई इलाके में ऑटो से नकली पान मसाला बेच रहे थे।