सरोजनीनगर। बंथरा के दादूपुर में सोमवार देर रात कुनाल शुक्ला (26) की उनके ऑफिस में सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। वह गाड़ियों की किस्त न अदा करने पर रिकवरी का काम करते थे।
मंगलवार सुबह महिला सफाईकर्मी झाड़ू लगाने पहुंची तो दीवान पर कुनाल का खून से लथपथ शव मिला। महिला ने ऑफिस के मालिक को सूचना दी। एसीपी कृष्णानगर विकास पांडे के मुताबिक कुनाल के भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
मूल रूप से अयोध्या के धनुआपुर निवासी अशोक शुक्ला रोडवेज में चालक हैं। उनका बेटा कुनाल बंथरा के दादूपुर स्थित न्यू डेस्टिन सिटी कॉलोनी में मां सुधा और बड़े भाई सौरभ के साथ रहता था। वह दादूपुर के विवेक सिंह के साथ फाइनेंस की गईं गाड़ियों की किस्त न अदा करने पर रिकवरी का काम करता था। कुनाल के साथ चार-पांच लोग और थे।
विवेक सिंह ने दादूपुर में स्वास्तिक एसोसिएट नाम से ऑफिस बना रखा है। कुनाल ज्यादातर वहीं रहता था। सोमवार रात भी वह ऑफिस में ही रुका था। एसीपी ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। हत्या के पीछे करीबियों की संलिप्तता सामने आ रही है। चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा।
खाली प्लॉट में मिला खून से सना सब्बल
विवेक सिंह के मुताबिक कुनाल हमेशा दरवाजा बंद करके अंदर सोता था, लेकिन मंगलवार सुबह दरवाजा खुला मिला। इसकी सूचना उन्हें सफाई करने पहुंची संगम थारू ने दी। दरवाजा खुला होने से परिचित पर हत्या का शक गहरा गया है। हत्यारों ने कुनाल का मुंह और आंखें कूच दीं। एसीपी ने बताया कि कुनाल के साथ काम करने वाले कुछ युवकों से भी पूछताछ की जा रही है। डीसीपी दक्षिणी निपुण अग्रवाल का कहना है कि घटना में इस्तेमाल लोहे का सब्बल कुछ दूरी पर खाली पड़े प्लॉट से बरामद किया गया। विवेक सिंह 15 वर्ष पहले हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
मां का आरोप- पुलिस ने शव देखने नहीं दिया
कुनाल की मां सुधा का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें धक्का मारकर अलग कर दिया और शव भी देखने नहीं दिया। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि ऑफिस पर अकर डायल 112 और बंथरा थाने के कुछ पुलिसकर्मी आकर बैठते हैं। कुनाल परिवार के साथ चार साल पहले आशियाना में किराये पर रहते थे। बाद में बंथरा में घर बनवाकर रहने लगे। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुनाल और उसके साथी रोजाना शाम को ऑफिस में शराब पार्टी भी करते थे।
कुनाल व उनके परिवारीजन।