पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की कार्रवाई, सात को लिया हिरासत में
संवाद न्यूज एजेंसी
लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के बिंदागंज मजरे अदीलाबाद गांव में रविवार को एक घर में ईसाई मिशनरियों की ओर से धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने मौके से संबंधित साहित्य सहित वाद्य यंत्र और अन्य चीजें बरामद की। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध धर्म प्रतिषेध अधिनियम के तहत के दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बिंदागंज निवासी रामरतन के घर में प्रार्थना सभा के नाम पर 100 से अधिक महिला पुरुष जमा हुए थे। किसी ने धर्म परिवर्तन की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस के पहुंचते ही वहां वहां अफरा तफरी का माहौल हो गया। प्रार्थना सभा में मौजूद भीड़ इधर-उधर भागने लगी। कुछ लोग नहर और धान के खेतों में कूद कर भागने की कोशिश करने लगे।
पुलिस ने पीछा कर उनमें से रामरतन सहित डलमऊ के तेरुखा निवासी लक्ष्मीशंकर, राजेंद्र प्रसाद, कुर्मियामऊ निवासी पवन व राहुल, साड़बरा के वीरेंद्र और जगतपर बरदरा के अखिलेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से धार्मिक पुस्तकें, भजन संग्रह सहित अन्य साहित्य व वाद्य यंत्र ढोलक और हारमोनियम आदि चीजें बरामद कीं। बिंदागंज गांव निवासी पीतांबर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि आरोपी लालच देकर उसके नाबालिक बेटे का धर्म परिवर्तन करा रहे थे। सीओ महिपाल पाठक ने बताया कि धर्म परिवर्तन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के विरुद्ध धर्म प्रतिषेध अधिनियम 2021 सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जा रही है।