दीवानी न्यायालय गेट के सामने कानून मंत्री की शव यात्रा निकालते अधिवक्ता।
श्रावस्ती। केंद्र सरकार की ओर से लाए जा रहे अधिवक्ता संशोधन बिल का विरोध जिले में लगातार जारी है। शुक्रवार को भी भिनगा में अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। अधिवक्ताओं ने दीवानी न्यायालय परिसर से कानून मंत्री के पुतले की शवयात्रा निकाल कर गेट पर दहन किया।
शुक्रवार को मॉडल डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन भिनगा के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रह विरोध जताया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर से कानून मंत्री के पुतले की शवयात्रा निकाली। इसके बाद न्यायालय गेट स्थित पुलिस चौकी के सामने पुतला दहन कर विरोध जताया। अधिवक्ताओं ने केंद्र सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर महामंत्री रामगोपाल शुक्ला, राजेंद्र प्रकाश पांडेय, चंद्र कुमार मिश्रा, सतीश मौर्य, कृष्ण कुमार तिवारी, रामचंद्र वर्मा, अरुण कुमार मिश्रा सहित काफी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। अधिवक्ताओं के कार्य बहिष्कार से वादकारियों को सामान्य तिथि लेकर लौटना पड़ा। अधिवक्ताओं की हड़ताल से सदर तहसील भिनगा में भी कामकाज ठप रहा।