लखनऊ। दुबग्गा के प्रभातपुरम की बुजुर्ग महिला फूल खातून 15 दिनों से बिजली कनेक्शन के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रही थीं। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आए जिम्मेदारों ने रविवार को उनका शुल्क जमा करा लिया अब दो से तीन दिन के भीतर घर में मीटर लगाकर कनेक्शन दे दिया जाएगा।
फूल खातून के बेटे सिराज ने बताया कि शनिवार को खबर छपने के बाद दोपहर में ही विभाग के दो कर्मचारी जांच के लिए घर पहुंचे। कर्मचारियों की रिपोर्ट के बाद शनिवार शाम को ही शुल्क जमा करने का मेसेज आ गया। सिराज ने कुल 4720 रुपये जमा किए, जिसमें 2800 रुपये प्रीपेड मीटर शुल्क शामिल है। दिलचस्प बात यह है कि पहले प्रीपेड मीटर के लिए 6016 रुपये लिए जाते थे।
रुपये मांगने का आरोप
सिराज ने आरोप लगाया है कि घर पहुंचे कर्मियों ने खुद तो सीधे पैसे नहीं मांगे, लेकिन यह सलाह दे डाली कि जब मीटर लगाने वाले आएं, तो उन्हें 1000-1500 रुपये दे दीजिएगा।
सेवानिवृत्त बैंक अफसर का बिल अब भी गलत, ऊर्जा मंत्री से करेंगे शिकायत
इधर, आशियाना सेक्टर-आई निवासी सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी आरके टंडन का गलत बिल अब भी सही नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि भारी-भरकम गलत बिल के कारण उन्हें जबरन बिजली काटे जाने का डर सता रहा है। वह अब सोमवार को ऊर्जा मंत्री के आवास पर जाकर लिखित शिकायत करेंगे।