लखनऊ। कानपुर एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद कानपुर जाने वाली रोडवेज बसों के दो तरह के किराये होंगे। नेशनल हाईवे से कानपुर जाने वाली बसों का किराया 137 रुपये है, जबकि एक्सप्रेसवे से गुजरने वाली बसों के यात्रियों को 150 रुपये तक देने पड़ सकते हैं।
ऐसा महंगे टोल की वजह से होगा। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर बस का सिंगल जर्नी का टोल 935 रुपये व उसी दिन वापसी पर टोल 1405 रुपये है, जबकि नेशनल हाईवे से गुजरने वाली बसों का टोल 95 रुपये है। ऐसे में जब बसों का संचालन एक्सप्रेसवे के जरिए होगा तो यात्रियों को टोल की वजह से महंगे टिकट लेने पड़ेंगे।
परिवहन निगम प्रशासन के अनुसार, एक्सप्रेसवे शुरू होने पर रोडवेज तीन श्रेणियों की बसें चलाएगा। इनमें साधारण, इलेक्ट्रिक और डबलडेकर बसें प्रस्तावित हैं। इस संबंध में 13 जुलाई के बाद सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रत्येक श्रेणी की बसों का किराया, आलमबाग बस टर्मिनल से लखनऊ-कानपुर वाया एक्सप्रेसवे पर चलने वाली बसों की समयसारणी तय की जाएगी। रोडवेज लखनऊ परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि टीआई सुशील कुमार को सर्वे की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रिपोर्ट आने के बाद किराया व समयसारणी तय किया जाएगा। एक्सप्रेसवे से रोडवेज बसों का संचालन 20 जुलाई के आसपास शुरू होने की उम्मीद है।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे।