लखनऊ। जीएसटी अफसरों को चकमा देकर मध्य प्रदेश के रीवा का चालक कोयला लदा ट्रक भगा ले गया। राज्य कर विभाग के सहायक आयुक्त (सचल दल चतुर्थ) रवीश कुमार सिंह ने हजरतगंज थाने में चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
एफआईआर में बताया गया कि 30 मार्च को किसान पथ पर कोयला ले जा रहे ट्रक की जांच की गई। चालक विकास नामदेव वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। वाहन में 1.5 लाख रुपये की कीमत का 41 हजार किलो कोयला लदा था। चालक का बयान दर्ज करवाकर ट्रक को मीराबाई मार्ग स्थित राज्य कर कार्यालय लाया गया। कार्यालय परिसर में जगह न होने पर इसे बहुखंडीय आवास बटलर कॉलोनी के पास खड़ा कराया गया। 31 को भौतिक सत्यापन के लिए चालक के नंबर पर कॉल की गई तो संपर्क नहीं हुआ। मौके पर ट्रक (बीआर 24जीसी 9750) भी नहीं मिला।