लखनऊ। काकोरी सीएचसी के एक डॉक्टर पर गर्भवतियों को अल्ट्रासाउंड के लिए निजी अस्पताल भेजने का दोबारा आरोप लगा है। पीड़ित ने फिर से आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि तबादला होने बाद भी वह काकोरी सीएचसी में ही तैनात हैं और गर्भवतियों को अल्ट्रासाउंड के लिए निजी अस्पताल भेज रहे हैं।
काकोरी निवासी देशराज ने आईजीआरएस पोर्टल पर दो मई को काकोरी सीएचसी के डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी कि गर्भवतियों को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए सीएचसी से पांच किमी दूर निजी अस्पताल भेजा जा रहा है। इसकी जांच होने पर सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने आरोपी डॉक्टर को गुडंबा सीएचसी स्थानांतरित कर दिया था, लेकिन आरोपी डॉक्टर अब भी काकोरी सीएचसी में ही तैनात हैं। ऐसे में देशराज ने आठ जुलाई को फिर आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की है। वहीं, सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि पहले लगे आरोप बेबुनियाद मिले थे। मामले की दोबारा जांच कराई जाएगी।