लखनऊ। आईआईटी में दाखिले के लिए होने वाली जेईई मेन में राजधानी के मेधावियों का शानदार प्रदर्शन रहा। इस बाबत संस्थानों में पढ़ने वाले सफल छात्र-छात्राओं का बुधवार को भव्य स्वागत हुआ। जेईई मेन में शहर के श्रेयस लोहिया ने राज्य स्तर पर टॉप कर शहर का नाम रोशन किया। इस क्रम में लोयला इंटरनेशनल स्कूल से भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों में सफलता का परचम लहराया। इस पर स्कूल प्रशासन ने सभी सफल मेधावियों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। स्कूल के विद्यार्थियों ने परीक्षा में 99 परसेंटाइल से अधिक अंक हासिल कर शहर व परिवार का मान बढ़ाया। इन छात्रों ने अमर उजाला संग हुई बातचीत में अपनी सफलता की कहानी बताई।
देश की आईआईटी दाखिला पाने की चाह
जेईई मेन पास करने के साथ ही अब एडवांस के लिए तैयारी शुरू कर दी है। सपना है कि कि देश के टॉप छह आईआईटी में से किसी में दाखिला मिल जाए, जिससे आईआईटी में पढ़ने का सपना पूरा हो सके। मैंने पढ़ाई के छह सात घंटे का रूटीन फालो किया।
- चंदन सिंह, 99.34 परसेंटाइल
सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने का सपना
जेईई मेन के बाद अब एडवांस को क्रैक करना है, जिससे आईआईटी में पढ़कर अपने सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने के सपने को पूरा कर पाऊं। मेन की तैयारी के दौरान मैंने रोजाना 8 घंटे पढ़ाई की। उसी की देन है कि परीक्षा में बेहतर परिणाम आया।
- सम्यक यादव, 99.78 परसेंटाइल
कंप्यूटर साइंस में करनी है इंजीनियरिंग
मैंने हमेशा से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग करने का सपना देखा है। जेईई एडवांस निकालने के बाद इसमें पूरी तरह से जुट जाना है। मेन की तैयारी में मैंने जितना शिक्षकों से पढ़ा, उतना ही घर पर भी पढ़ा। कुल मिलाकर 8 से 10 घंटे रोज पढ़ाई की।
- कृष्णा अग्रवाल, 99.99 परसेंटाइल
अपनी इंजीनियरिंग से दूंगा समाज को दिशा
मैं भविष्य में बेहतर इंजीनियर बनकर सेवाएं देना चाहता हूं, जिससे समाज को सकारात्मक दिशा मिल सके। मेन के बाद अब अंतिम फोकस एडवांस एग्जाम पास करने के लिए है। सफलता में माता-पिता और परिवार का बड़ा योगदान है।
- प्रिंस द्विवेदी, 99.69 परसेंटाइल
टॉप छह आईआईटी में लेना है प्रवेश
मेरा एक ही लक्ष्य है कि देश की टॉप छह आईआईटी में से किसी से बीटेक करूं। उसके लिए प्रयास जारी हैं। पढ़ाई के दौरान मोबाइल का उपयोग न के बराबर किया और विषयवार क्रमबद्ध तरीके से पढ़ाई की। उसी की देन रही कि मेन में अच्छा परिणाम आया।
- स्वप्निल अग्रवाल, 99.90 परसेंटाइल
इन्होंने भी हासिल किए 99 से अधिक परसेंटाइल
जेईई मेन में शहर के कुशाग्र गुप्ता, प्रणय अग्रवाल, पार्थ यादव, माजिद हुसैन, यश त्रिवेदी, प्रज्ञान श्रीवास्तव, मयंक गोस्वामी, रितिज पाठक, ईशान जैन, आयुष मिश्रा और सार्थक गोयल ने 99 परसेंटाइल से अधिक अंक हासिल किए। इस पर इनके परिवारीजनों और शिक्षकों ने इन्हें मुंह मीठा कराकर शुभकामनाएं दीं।