लखनऊ। दुनिया की दो पहली सफल अभिनेत्रियों फ्रांस की सारा बर्नहार्ट और इटली की एलोनोरा ड्यूस के बीच प्रतिद्वंद्विता की रोमांचक गाथा बुधवार को भारतेंदु नाट्य अकादमी के ब्लैक बॉक्स स्टूडियो में नाटक के रूप में उतरी। बीए द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने दोनों अभिनेत्रियों के बीच द्वंद्व की कहानी के हर पहलू को छुआ। देबाशीष के सशक्त निर्देशन, भास्कर मुखर्जी की वेशभूषा और एफ्रोदिते रॉय की कोरियोग्राफी ने धीमी स्याह रोशनी में रंगमंच को नया स्वरूप दिया।
सारा बर्नहार्ट के किरदार को मयूरी द्विवेदी और एलोनोरा ड्यूस के किरदार को यशा श्रीवास्तव ने बखूबी निभाया। वहीं, सारा के पुरुष मन के किरदार के रूप में देवांश प्रसाद ने सशक्त प्रस्तुति दी। निर्देशक देबाशीष ने बताया कि हमने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से एक्टिंग की गहराइयों को समझाने का पूरा प्रयास किया है। इस नाटक के दो शो क्रमश: दोपहर और शाम को आयोजित किए गए।