लखनऊ। एलडीए की बसंतकुंज योजना स्थित जॉगर्स पार्क में शहर का पहला ग्लो गार्डन बनेगा। जहां एक तरफ गोबो इफेक्ट (कटआउट पैनल से लाइटिंग) से तरह-तरह की चमकदार आकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। पेड़, पक्षी, फूल व जानवरों के मॉडल भी स्थापित किए जाएंगे, जो खास तरह की लाइटों से लैस होंगे। रात के अंधेरे में रंग बिरंगी रोशनी में नहाये ये मॉडल आकर्षण का केंद्र बनेंगे। पार्क को संवारने पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसको लेकर एलडीए वीसी ने पार्क का दौरा भी किया।
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि जॉगर्स पार्क लगभग 17.5 एकड़ क्षेत्रफल में फैला है। यहां बड़ी संख्या में लोग घूमने, खेलने और मॉर्निंग वॉक के लिए आते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए पार्क को एक खास तरह की थीम पर विकसित करने का निर्णय लिया गया है। यहां ओपन जिम व योगा हट भी बनाए जा रहे हैं, जिसके पास 12 योग मुद्रा वाली आकृतियां लगाई जाएंगी। बच्चों के लिए किड्स प्ले एरिया भी विकसित होगा, जिसमें सुंदर डिजाइन के झूले व खेल उपकरण लगाए जाएंगे। पार्क में पांच वॉटर बॉडी हैं। इनमें नए फाउंटेन लगवाए जाएंगे।
जॉगिंग ट्रैक होगा दुरुस्त, एक नया गेट भी बनेगा
एलडीए वीसी ने बताया कि जॉगर्स पार्क में बने करीब 800 मीटर लंबे जॉगिंग ट्रैक पर जलभराव के चलते यह जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया है। अब पूरे ट्रैक की मरम्मत कराई जा रही है। इसमें ट्रैक की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी, जिससे भविष्य में जलभराव की समस्या न हो। प्रवेश द्वार भी सुंदर किया जाएगा। उत्तर दिशा में नया प्रवेश द्वार भी बनेगा।
निरीक्षण करते एलडीए वीसी।
निरीक्षण करते एलडीए वीसी।
निरीक्षण करते एलडीए वीसी।