लखनऊ। 23 मई को मेजबान लखनऊ सुपरजायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच होने वाले मुकाबले के साथ ही शहर में आईपीएल का मौजूदा सत्र पूरा हो जाएगा। एक अप्रैल से शुरू होने सत्र में अभी तक छह मुकाबले खेले जा चुके हैं।
इसमें मेजबान लखनऊ सुपरजायंट्स को आखिरी दो मुकाबलों में जीत मिली, जबकि शुरुआत के चार मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। 23 मई को इकाना स्टेडियम में होने वाले आखिरी लीग मुकाबले के लिए लखनऊ और पंजाब की टीम बुधवार को लखनऊ पहुंच गई हैं। बृहस्पतिवार को दोनों टीमों के खिलाड़ी संयुक्त अभ्यास करके अपनी तैयारियों को शुरू करेंगे।
पंजाब किंग्स के लिए यह मुकाबला काफी अहम होगा, जहां टीम को हर हाल में बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी। इसके बाद ही पंजाब की दावेदारी प्लेऑफ के लिए मजबूत होगी।
दूसरी ओर अपने पांच साल के आईपीएल इतिहास में सबसे खराब प्रदर्शन करने वाली लखनऊ सुपरजांयट्स के पास खोने के लिए कुछ भी नहीं है। अंक तालिका में दसवें स्थान पर फिसल चुकी टीम अपने घरेलू मैदान में जीत दर्ज करना चाहेगी।
इस जीत के साथ लखनऊ का इकाना स्टेडियम में रिकॉर्ड कुछ बेहतर हो सकता है। हालांकि मेजबान टीम के लिए यह सब इतना आसान नहीं होने वाला है। टीम के गेंदबाजों को कूपर कोलाेनी (13 मैच में 473 रन), प्रभसिमरन सिंह (13 मैच में 441 रन) और कप्तान श्रेयस अय्यर (13 मैच में 397 रन) जैसे दिग्गज बल्लेबाजों से सजी पंजाब टीम को कम स्कोर पर रोकने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाना होगा।