लखनऊ। दुबग्गा स्थित न्यू वेदांता हॉस्पिटल में फोड़े के ऑपरेशन के बाद बच्चे की मौत के मामले की गुत्थी उलझ गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ नहीं आई है।
विसरा सुरक्षित करके जांच के लिए भेज दिया गया है। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने दिल का दौरा पड़ने से मौत होने का दावा किया था।
हरदोई के बेनीगंज निवासी किसान बैजनाथ मौर्या के बेटे प्रांजल (05) के सीने में फोड़ा था। परिजनों ने उसे शहर के कोथावां स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से लखनऊ के दुबग्गा के अंधे की चौकी स्थित न्यू वेदांता हॉस्पिटल रेफर किया गया।
परिजनों ने शुक्रवार दोपहर प्रांजल को इस अस्पताल में भर्ती कराया। ऑपरेशन के एक घंटे के अंदर ही बच्चे की मौत हो गई थी। मां रुबी ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हंगामा किया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करया था। पुलिस ने सीएमओ को पत्र भेजकर जांच करके मामले की रिपोर्ट मांगी है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि पुलिस के जरिये भेजे गए शिकायती पत्र के आधार पर जांच होगी। दोनों पक्षों के बयान दर्ज होने बाद कमेटी जांच करके रिपोर्ट देगी।