फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराने थाने गए वैन चालक का शव झाड़ियों में मिला

Wed, 18 Nov 2026 02:08 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
दीपक कुमार कश्यप की फाइल फोटो।
विज्ञापन
गुडंबा। जानकीपुरम में नहर रोड स्थित लोटस सिटी के पास मंगलवार सुबह झाड़ियों में स्कूल वैन चालक दीपक कुमार कश्यप (40) का शव मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त न होने पर शव ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। दीपक को तलाशते हुए थाने पहुंचे परिजनों ने ट्रॉमा सेंटर में शव की पहचान की। उनकी गर्दन पर धारदार हथियार के घाव और गले पर उंगलियों के निशान मिले हैं।
विज्ञापन

परिजनों ने दीपक की पत्नी, ससुर और एक अन्य व्यक्ति पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि बेटी की गुमशुदगी की शिकायत करने थाने पहुंचे दीपक को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
सीतापुर के महमूदाबाद निवासी दीपक जानकीपुरम सेक्टर-एच के छुइयापुरवा में किराये पर रहते थे। वह एक निजी स्कूल की वैन चलाते थे। परिवार में तीन बच्चे रोहित (13), गुड़िया (12) और शिवानी (7) हैं। पहली पत्नी सुमन की करीब पांच साल पहले प्रसव के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद उन्होंने मड़ियांव गांव निवासी महिला से दूसरी शादी की थी। उनकी दूसरी पत्नी दूसरे घरों में खाना बनाने का काम करती हैं।
विज्ञापन

दीपक के ममिया ससुर त्रिलोकी कश्यप के मुताबिक, बड़ी बेटी गुड़िया अपने दादा सुनील के पास रहती थी और जानकी विहार में एक कोठी में काम करती थी। 12 अक्तूबर को वह काम पर गई थी लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। सोमवार को दीपक उनके साथ जानकीपुरम थाने पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने पत्नी, ससुर और एक अन्य व्यक्ति पर बेटी को गायब करने का संदेह जताया था। उन्हें आशंका थी कि बेटी को कहीं बेच दिया गया है।
कई घंटे थाने में बैठाने का आरोप
त्रिलोकी का आरोप है कि पुलिस ने कई घंटे थाने में बैठाने के बावजूद उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की और मंगलवार को पत्नी के साथ दोबारा आने को कहा। मंगलवार सुबह से दीपक का फोन नहीं उठ रहा था। इस पर परिजन उन्हें तलाशते हुए थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां शव की शिनाख्त दीपक के रूप में हुई।
भाई ने जानकीपुरम थाने में दी हत्या की तहरीर

दीपक के बड़े भाई सबौली निवासी रामू कश्यप ने उनकी पत्नी, ससुर और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। उन्होंने भी आरोप लगाया कि बेटी की गुमशुदगी की शिकायत पर दीपक को धमकाया गया था। पुलिस ने दीपक की दूसरी पत्नी से पूछताछ की। उसने बताया कि दीपक रात में घर नहीं आए थे। वहीं, बेटे रोहित ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे पिता थाने से लौटे थे और परिवार ने साथ खाना खाया था। इसके बाद रात में माता-पिता कहीं चले गए थे।
विज्ञापन

इंस्पेक्टर विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें