लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी स्थित अवध विहार कॉलोनी में शहीद पथ के किनारे रविवार शाम माढ़रमऊ कला निवासी हरीश रावत (22) का शव पाया गया है। शव के पास सिरिंज और माचिस मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के मुताबिक हरीश कुछ महीनों से पीजीआई क्षेत्र स्थित एक होटल में सफाई का काम करता था। शनिवार शाम को वह बिना बताए होटल से निकला था। हरीश के पिता राकेश रावत ने बताया वह नशे का लती था। उसके दोनों हाथों पर इंजेक्शन के कई निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत की वजह पता चलेगी। फिलहाल परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।